महराजगंज: घुघली थाना प्रभारी का कथित ऑडियो वायरल, अमर्यादित भाषा पर SP ने जांच ASP को जांच के दिए आदेश

महराजगंज | ब्यूरो रिपोर्ट

​उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ घुघली थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में थानेदार द्वारा अपने अधीनस्थों के प्रति अभद्र और अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का आरोप है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) सोमेन्द्र मीना ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

​क्या है पूरा मामला?

​सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस ऑडियो में थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह कथित तौर पर अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से बात कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ‘तामिला’ (सम्मन या नोटिस की तामील) की प्रक्रिया में देरी होने पर थानेदार आपा खो बैठे और उन्होंने पुलिसकर्मियों के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। ऑडियो में न केवल गाली-गलौज बल्कि अनुशासनात्मक कार्रवाई की धमकी भरे लहजे का भी इस्तेमाल किया गया है।

​महकमे में हलचल, SP ने लिया संज्ञान

​ऑडियो के सार्वजनिक होते ही विभागीय कार्यशैली और पुलिसकर्मियों के आपसी व्यवहार पर सवाल उठने लगे हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए महराजगंज के पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने तुरंत जांच के निर्देश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) को सौंपी गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​चर्चाओं का बाजार गर्म

​इस घटना के बाद न केवल पुलिस विभाग बल्कि जिले के आम जनमानस में भी चर्चाएं तेज हैं। एक तरफ जहाँ अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्ती को जरूरी माना जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मातहतों के साथ इस तरह के अमानवीय व्यवहार की निंदा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *