निचलौल। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा गेडहवा में मगरमच्छ के हमले में छांगुर उर्फ छबिलाल की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश गहरा गया। बुधवार को मृतक के दाह संस्कार के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण गेडहवा पुल के पास एकत्र हुए और विरोध जताते हुए दर्जिनिया ताल क्षेत्र में सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाने की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि दर्जिनिया ताल के आसपास मगरमच्छों की मौजूदगी से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ताल क्षेत्र में ग्रामीणों का आवागमन और दैनिक गतिविधियां होती रहती हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की कि दर्जिनिया ताल तथा आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, लोगों को जागरूक किया जाए और खतरनाक स्थानों पर आवश्यक चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।
मगरमच्छ के हमले में हुई मौत के बाद ग्रामीणों में गम के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर नाराजगी भी साफ दिखाई दी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
रिपोर्ट-आर०के०त्रिपाठी (RNews7)
