निचलौल, महराजगंज। महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध असलहों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चमनगंज पुल के पास से एक युवक को अवैध पिस्टल और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर पिस्टल नेपाल में किसी व्यक्ति को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर वांछित अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चमनगंज पुल के पास एक युवक अवैध पिस्टल लेकर खड़ा है और उसे बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से .32 बोर की एक पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए।
पिस्टल का लाइसेंस नहीं दिखा सका आरोपी
पुलिस ने बरामद पिस्टल का लाइसेंस मांगा, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान पिपराकाजी निवासी अमित चौधरी (23 वर्ष), पुत्र राजकुमार चौधरी के रूप में हुई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय के साथ उपनिरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक कपिल प्रजापति और कांस्टेबल राम आशीष यादव शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध असलहों की खरीद-बिक्री पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।
रिपोर्ट-आर०के०त्रिपाठी (RNews7)
