निचलौल। आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर निचलौल पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी निचलौल के नेतृत्व में थाना निचलौल परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में क्षेत्र के मूर्ति आयोजकों, पूजा समिति के सदस्यों तथा संभ्रांत नागरिकों ने सहभागिता की। पुलिस अधिकारियों ने आगामी त्योहार को लेकर आयोजकों से आवश्यक जानकारी ली और पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने सभी पूजा समितियों से आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी स्थिति में अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही धार्मिक आयोजन के दौरान सौहार्द, भाईचारा और सामाजिक समरसता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में यह संदेश भी दिया गया कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या अथवा विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाएगी, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में धार्मिक आयोजन में शामिल हो सकें।
रिपोर्ट-आर०के०त्रिपाठी (RNews7)
दुर्गा पूजा को लेकर निचलौल पुलिस अलर्ट, पीस कमेटी की बैठक में दिए जरूरी दिशा-निर्देश
