पोस्ट डिलीट कराया, आरोपी हिरासत में लेकर निरोधात्मक कार्रवाई के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
महराजगंज। सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक एवं भड़काऊ वीडियो पोस्ट किए जाने के मामले में महराजगंज पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट को ट्रेस कर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही आपत्तिजनक पोस्ट का संज्ञान मिलते ही संबंधित अकाउंट की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान उक्त सोशल मीडिया अकाउंट फैयाज अहमद पुत्र अब्दुल कलाम, निवासी सेवतरी, थाना परसामलिक, जनपद महराजगंज के नाम से संचालित होना पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संबंधित व्यक्ति के माध्यम से आपत्तिजनक पोस्ट को डिलीट कराया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर निरोधात्मक कार्रवाई की और नियमानुसार उसे माननीय मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया। मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को गंभीरता से लिया जाएगा। पुलिस की ओर से सोशल मीडिया गतिविधियों पर निगरानी बनाए रखने की बात कही गई है।
वहीं, पुलिस के अनुसार वर्तमान में संबंधित क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम है। मामले के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक, महराजगंज द्वारा भी जानकारी दी गई है।
रिपोर्ट-आर०के०त्रिपाठी (RNews7)
