गौरवपूर्ण उपलब्धि: सारस एवं उसके अधिवास संरक्षण के लिए WTI की पूर्वी यूपी टीम को मिला ‘कंजर्वेशन अचीवमेंट अवार्ड’

पूर्वी उत्तर प्रदेश। दिनाँक-09-10 2026 को वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया (WTI) की सारस प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश टीम को ‘कंजर्वेशन अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान सारस संरक्षण एवं उनके अधिवास के संरक्षण प्रति टीम की प्रतिबद्धता, निरंतर प्रयासों और वन्यजीवों के संरक्षण की दिशा में किए जा रहे सामूहिक कार्यों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया के मुख्यालय में आयोजित कंजर्वेशन अचीवमेंट अवार्ड समारोह में संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारियों, ट्रस्टियों और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में सारस प्रोजेक्ट की टीम को सामूहिक रूप से यह सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में WTI के ईडी एवं संस्थापक विवेक मेनन, ट्रस्टी तारा गांधी, पीआई बी.सी. चौधरी, सीईओ जोस लुइस, चीफ ऑफ कंजर्वेशन संदीप कुमार तिवारी, चीफ इकोलॉजिस्ट समीर सिन्हा तथा चीफ फाइनेंस ऑफिसर सत्यन अपाड़ा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

सामूहिक प्रयासों को मिला सम्मान

इस उपलब्धि में सारस प्रोजेक्ट की डिवीजन हेड अदिति, प्रोजेक्ट हेड अरशद हुसैन, प्रोग्राम ऑफिसर अभिलाष और जूनियर फील्ड अटेंडेंट रविन्द्र कुमार त्रिपाठी सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश की पूरी टीम का योगदान शामिल है। टीम को सामूहिक रूप से सम्मानित किया जाना इस बात का प्रतीक है कि वन्यजीव संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में प्रत्येक सदस्य की भूमिका अहम होती है।

सारस संरक्षण एवं उनके अधिवास संरक्षण के लिए समर्पित टीम का कार्य केवल एक प्रजाति या उनके अधिवास की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्राकृतिक विरासत, जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने के व्यापक प्रयासों से भी जुड़ा है। सारस जैसे महत्वपूर्ण पक्षियों के संरक्षण एवं उनके अधिवास के संरक्षण के लिए जागरूकता, स्थानीय स्तर पर सहभागिता और निरंतर प्रयासों की विशेष भूमिका होती है।

संरक्षण के संकल्प को मिलेगी नई प्रेरणा

कंजर्वेशन अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित होना सारस प्रोजेक्ट की टीम के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ समाज में प्रकृति और पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने का संदेश भी देती है।

वन्यजीव संरक्षण के लिए समर्पित ऐसे प्रयास पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को मजबूत करते हैं। WTI की सारस प्रोजेक्ट पूर्वी उत्तर प्रदेश टीम को मिला यह सम्मान संरक्षण के कार्यों को आगे बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक धरोहर सुरक्षित रखने की दिशा में एक प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

रिपोर्ट-आर०के०त्रिपाठी (RNews7)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *