वन्य प्राणी सप्ताह: सोहगीबरवा में गूंजा वन एवं वन्यजीव संरक्षण का संदेश, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को किया जागरूक

सोहगीबरवा (महराजगंज)। वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा, संरक्षण और मानव जीवन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से वन्य प्राणी सप्ताह 2026 के तहत शिवपुर रेंज अंतर्गत स्व० जगदीशलाल विद्या मंदिर, सोहगीबरवा में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 8 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, वन विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान वन्यजीव संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया।

वन्यजीवों के महत्व से रूबरू हुए विद्यार्थी और ग्रामीण

कार्यक्रम में वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया (WTI) के अरशद हुसैन एवं रवीन्द्र त्रिपाठी ने उपस्थित लोगों और विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने वन एवं वन्यजीवों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रकृति के संतुलन और पर्यावरण संरक्षण में वन्यजीवों की महत्वपूर्ण भूमिका है। वन्यजीवों की सुरक्षा केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।

वक्ताओं ने जंगली जानवरों से सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक सावधानियों और दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी। उन्होंने लोगों से वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने, उनके प्राकृतिक आवासों की रक्षा करने और वन्यजीवों से जुड़ी परिस्थितियों में सतर्कता बरतने की अपील की।

शिक्षकों और ग्रामीणों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य नर्वदेश्वर पटेल, शिक्षक ईश्वर यादव सहित आठ अन्य शिक्षक, विद्यार्थी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। शिवपुर रेंज के वनकर्मियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।

संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर

वन्य प्राणी सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और ग्रामीणों को वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना तथा मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि वन और वन्यजीव प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और संतुलित भविष्य के लिए आवश्यक है।

रिपोर्ट-आर०के०त्रिपाठी (RNews7)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *