निचलौल। वन्य प्राणी सप्ताह 2026 के उपलक्ष्य में सी.वी.एन. साइंस स्कूल, निचलौल में छात्र-छात्राओं के बीच ‘वन एवं वन्य प्राणी’ थीम पर आधारित चित्रांकन एवं रंगोली प्रतियोगिता के साथ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से वन, वन्यजीव और जैव विविधता के संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय वन अधिकारी मधवलिया अजीत कुमार ने प्रोजेक्टर के माध्यम से विद्यार्थियों को वन्यजीवों के महत्व, वन संरक्षण, जैव विविधता तथा पर्यावरण संतुलन में वन्य प्राणियों की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को वन एवं वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बनने तथा इनके संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया।

चित्रांकन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
‘वन एवं वन्य प्राणी’ विषय पर आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक एवं संदेशपरक चित्रों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में कक्षा 9 के पवन कुमार ने प्रथम, कक्षा 6 की शिवांगी यादव ने द्वितीय तथा कक्षा 7 के राजदेव प्रजापति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को शील्ड एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट चित्रांकन करने वाले 10 अन्य विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में मेडल देकर प्रोत्साहित किया गया। वहीं, रंगोली प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी शील्ड एवं मेडल प्रदान किए गए।
वन संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि वन केवल पेड़-पौधों का समूह नहीं, बल्कि असंख्य जीव-जंतुओं का प्राकृतिक आवास और पर्यावरणीय संतुलन का महत्वपूर्ण आधार हैं। वक्ताओं ने बच्चों से वन एवं वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहते हुए समाज में भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डब्ल्यूटीआई (WTI) परियोजना प्रमुख अरशद हुसैन, रविन्द्र त्रिपाठी, प्रधानाचार्य शैलेश गुप्ता, मधवलिया रेंज के उप क्षेत्रीय वन अधिकारी शशि कुमार, वन दरोगा राजेश कुमार तिवारी, आशीष कुमार सिंह, कलाम मोहम्मद, अभिषेक गौतम, वन्यजीव रक्षक अमित कुमार पाण्डेय, अर्दली राणा प्रताप, नवीन उपाध्याय, अवधराज सिंह, न्यूनतम वेतनकर्मी शम्भू सहित विद्यालय के शिक्षकगण सुनील पटेल, धर्मेन्द्र कुमार, दिलीप त्रिपाठी, अमित मद्धेशिया, कु. नेहा शर्मा, निधि दुबे, अर्चना शर्मा तथा समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- आर०के०त्रिपाठी | RNews7
