बाढ़ के बीच कुशीनगर पहुंचे सीएम योगी, प्रभावित परिवारों से मिले और बांटी राहत सामग्री

कुशीनगर। जिले में बाढ़ की चुनौती के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करने के साथ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें राहत सामग्री वितरित की।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ से प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। किसी भी जरूरतमंद परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और राहत एवं सहायता पहुंचाने में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों को पूरी गंभीरता से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित लोगों तक भोजन, राहत सामग्री और अन्य जरूरी सुविधाएं समय से पहुंचाने तथा प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन और राहत-बचाव दल लगातार सक्रिय हैं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ ही आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का कार्य जारी है।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र की स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और सहायता को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन पूरी तत्परता के साथ कार्य करे।

रिपोर्ट- आर०के०त्रिपाठी
RNews7

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *