उत्तराखंड के हरिद्वार के श्यामपुर रेंज से दो बाघों की मौत का मामले ने सनसनी मचा दी है। तस्करों के इस घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामला सामने आने के बाद उत्तराखंड के वन मंत्री ने इस मामले की गंभीरता से जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही, उन्होंने कहा है कि मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, बाघों की मौत की प्रारंभिक जांच में जहर दिए जाने की बात सामने आई है। इसको लेकर मामला काफी गंभीर हो गया है। वन विभाग की ओर से मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की बात सामने आई है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
श्यामपुर रेंज में दो बाघों की मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बाघिन ने वन गुज्जरों की भैंस का शिकार किया था। इसके बाद भैंस के शव पर जहरीला पदार्थ छिड़क दिया गया। इसे खाने से दोनों बाघों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी रात के अंधेरे में बाघों की खाल उतारने और दांत निकालने की तैयारी में थे। इससे पहले ही वन विभाग की ओर से दबिश देकर एक आरोपी को पकड़ा गया। मुखबिरों में वन विभाग को वन गुज्जरों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी।
