निचलौल। वन्य प्राणी सप्ताह के तहत वन एवं वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों और आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 03 अक्टूबर 2026 को सरस्वती देवी महिला पीजी कॉलेज, टिकुलहिया के विद्यार्थियों एवं आचार्यगण के साथ नेचर वॉक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वन क्षेत्र का भ्रमण कराकर उन्हें प्राकृतिक परिवेश, वन संपदा तथा वन्यजीवों की सुरक्षा एवं संरक्षण के महत्व से रूबरू कराया गया।
नेचर वॉक के दौरान वनकर्मियों ने विद्यार्थियों को वन एवं वन्यजीवों की पारिस्थितिकी में भूमिका, जैव विविधता के संरक्षण तथा मानव जीवन में जंगल और वन्यजीवों के महत्व के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण केवल पर्यावरण के लिए ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी आवश्यक है।
इसके पश्चात सरस्वती देवी महिला पीजी कॉलेज, टिकुलहिया के सभागार में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय वन अधिकारी निचलौल सुनील राव ने माता सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
गोष्ठी में WTI के अरशद हुसैन ने PPT के माध्यम से विद्यार्थियों को वन्यजीवों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने वन्यजीवों के संरक्षण, उनके प्राकृतिक आवास की सुरक्षा और जैव विविधता को बनाए रखने में समाज की भूमिका पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील रहने तथा प्रकृति के संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए वन एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इस अवसर पर सुनील राव, क्षेत्रीय वन अधिकारी निचलौल, अरशद हुसैन wti, अशोक सिंह वन दरोगा, रविन्द्र प्रताप वन दरोगा, हरिराम यादव वन दरोगा सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।

वहीं कॉलेज की ओर से प्राचार्य श्याम बिहारी अग्रवाल, अन्य आचार्यगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति के करीब लाने के साथ-साथ उनमें वन एवं वन्यजीवों के प्रति जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना विकसित करना रहा।
रिपोर्ट-आर०के०त्रिपाठी (RNews7)
