महराजगंज जिले के घुघली थाने में तैनात एसओ गौरव कुंवर सिंह पर पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों से अमर्यादित व अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने के गंभीर आरोप लगे हैं। इन आरोपों के बाद पुलिस महकमे के भीतर असंतोष का माहौल बन गया है, जबकि आम लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले थाने के मुंशी और अन्य कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे पुलिसकर्मियों में रोष फैल गया। आरोप है कि ड्यूटी के दौरान भी एसओ द्वारा कठोर और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद विभागीय स्तर पर चर्चा शुरू हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि थाने में आने वाले फरियादियों के साथ भी ठीक व्यवहार नहीं किया जा रहा, जिससे पुलिस की छवि प्रभावित हो रही है। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायतों की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
