कॉलेज रोड पर कपड़े की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
महराजगंज। शहर के कॉलेज रोड पर मंगलवार को कपड़े की एक दुकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। दुकान से धुआं और आग की ऊंची लपटें निकलती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखे कपड़े समेत अन्य सामान उसकी चपेट में आ गए और जलकर राख हो गए। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने भी मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आगजनी की इस घटना में लाखों रुपये के सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग द्वारा घटना की जांच की जा रही है। नुकसान का वास्तविक आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
रिपोर्ट- आर०के०त्रिपाठी | RNews7
