महराजगंज। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में रविवार को जनपद के सभी थानों पर ‘संवाद दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों ने पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर विभागीय कार्यों, अनुशासन और आमजन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में उच्चाधिकारियों द्वारा जारी आदेशों एवं निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर
संवाद दिवस के दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास कायम रखना पुलिस व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
पुलिसकर्मियों ने रखीं समस्याएं और सुझाव
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों को अपनी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं के साथ-साथ महत्वपूर्ण सुझाव अधिकारियों के समक्ष खुलकर रखने का अवसर मिला। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पुलिस विभाग के अनुसार, ‘संवाद दिवस’ का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना, समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना तथा पुलिसकर्मियों के मनोबल को मजबूत करना है।
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनता के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने के लिए भी प्रेरित किया।
रिपोर्ट- आर०के० त्रिपाठी
RNews7
सभी थानों पर आयोजित हुआ ‘संवाद दिवस’, पुलिसकर्मियों की सुनी गई समस्याएं
