बाढ़ के संभावित खतरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण

Rnews7 ब्यूरो/निचलौल

महराजगंज। संभावित जलभराव और बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। रविवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने निचलौल थाना क्षेत्र के टेल फॉल तथा ग्राम बलुआ टोला गेडहवा पहुंचकर संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर जलस्तर, नदी के कटान और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। ग्रामीणों ने जलभराव एवं संभावित बाढ़ को लेकर अपनी चिंताओं से अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी भी विषम परिस्थिति में प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

अधिकारियों ने संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील एवं प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही जरूरत पड़ने पर ग्रामीणों तक खाद्य सामग्री, आवश्यक वस्तुओं और अन्य राहत सुविधाओं की समय से उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

चौबीस घंटे निगरानी के निर्देश

डीएम और एसपी ने स्थानीय पुलिस बल तथा प्रशासनिक टीमों को संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त करने और तटीय क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित टीमें चौबीसों घंटे अलर्ट मोड में रहें और स्थिति में किसी भी तरह का बदलाव होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करें।

प्रशासन की ओर से जलस्तर और बाढ़ की संभावित स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने की बात कही गई है। अधिकारियों के निरीक्षण से स्पष्ट है कि संभावित जलभराव और बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों को प्राथमिकता दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *