निचलौल (महराजगंज)। सरस्वती देवी महिला महाविद्यालय, टिकुलिया निचलौल में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना की रानी लक्ष्मीबाई इकाई के तत्वावधान में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर ‘वर्तमान समय में भगत सिंह के विचारों की प्रासंगिकता’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी में महाविद्यालय की छात्राओं ने भगत सिंह के जीवन, संघर्ष, विचारों और उनके जीवन-दर्शन पर अपने विचार प्रस्तुत किए। छात्राओं ने वैचारिक एवं बौद्धिक क्रांति, वास्तविक आजादी, सामाजिक समानता तथा युवाओं की सामाजिक जिम्मेदारियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सरल और प्रभावी ढंग से सामने रखा। उत्कृष्ट उद्बोधन प्रस्तुत करने वाली प्रतिभागी छात्राओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य श्याम बिहारी अग्रवाल ने कहा कि शहीद भगत सिंह का भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में विशेष योगदान रहा है। उनके विचार आज भी समाज और विशेष रूप से युवाओं को प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को भगत सिंह के जीवन, संघर्ष और विचारों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आनंद कुमार मिश्रा ने किया। इस अवसर पर शिक्षक सत्येंद्र गुप्त, डिंपल पटेल, रामकेश चौधरी, उमेश चौधरी, मानवेंद्र तिवारी, धर्मेंद्र प्रसाद, अजय तानिया जायसवाल, साक्षी तिवारी, योगेश विश्वकर्मा, रुक्मणी श्रीवास्तव और अमेरिका यादव सहित एनएसएस की छात्राएं एवं महाविद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
भगत सिंह के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायी : प्राचार्य
