कोठीभार: दबंगों के डर से पलायन कर चुके परिवार के घर में भीषण चोरी,मुकदमा दर्ज 

कोठीभार, : महाराजगंज के थाना कोठीभार अंतर्गत कटहरी कला गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ दबंगों के खौफ से घर छोड़कर बाहर रहने वाले एक परिवार के सूने मकान में सेंधमारी कर लाखों के जेवर और जरूरी कागजात चोरी कर लिए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में नामजद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर किया है।

पलायन के पीछे दबंगों का खौफ

​पीड़िता आलमनारा निशा पत्नी मनौवर अली ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके पट्टीदार निजामुद्दीन, फिरोज और मुखतार पुरानी रंजिश के कारण आए दिन गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते थे। इन लोगों के डर के कारण प्रार्थिनी अपने पूरे परिवार के साथ घर में ताला बंद कर जयपुर चली गई थी।

योजनाबद्ध तरीके से वारदात को दिया अंजाम

​घटनाक्रम के अनुसार, 18 जनवरी 2026 को आरोपियों ने मिलकर घर का ताला और बक्सा तोड़ दिया। चोरों ने घर से निम्नलिखित सामान साफ कर दिया:

  • जेवरात: प्रार्थिनी के 4 थान और उनकी दो पुत्रियों के 12 थान जेवर (कुल 16 थान)।
  • घरेलू सामान: सिलाई मशीन, रेंजर साइकिल, दो कंबल, गैस सिलेंडर और चूल्हा।
  • महत्वपूर्ण दस्तावेज: बच्चों की मार्कशीट, मकान व खेत के कागजात और अन्य जरूरी डाक्यूमेंट्स।
  • खाद्यान्न: करीब 1 क्विंटल चावल।

पुलिसिया कार्यवाही और वर्तमान स्थिति

​पीड़िता को घटना की जानकारी 19 जनवरी की भोर में ग्रामीणों के माध्यम से मिली। आरोप है कि पूर्व में थानाध्यक्ष को सूचना देने के बावजूद कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई थी, जिसके बाद क्षेत्राधिकारी निचलौल के आदेश पर अब थाना कोठीभार में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

​पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है:

  • धारा 331(4): चोरी के इरादे से घर में सेंधमारी।
  • धारा 305: घर में घुसकर चोरी।
  • धारा 115(2), 352, 351(3), 324(4): मारपीट, धमकी और तोड़फोड़ से जुड़ी धाराएँ।

​थानाध्यक्ष द्वारा मामले की विवेचना उपनिरीक्षक संदीप कुमार वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *