भारत मे घुसपैठ करने की कोशिश करती विदेशी महिला को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

नौतनवां/महराजगंज भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच पगडंडी मार्गों से घुसपैठ की कोशिश का एक गंभीर मामला सामने आया है। महराजगंज जनपद के नौतनवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरिया बाजार से पुलिस ने एक विदेशी युवती को हिरासत में लिया है। युवती भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने का प्रयास कर रही थी, जिसे स्थानीय पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए पकड़ लिया।पुलिस के अनुसार युवती के पास से बरामद दस्तावेजों के आधार पर उसके चायनीज नागरिक होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक उसकी पहचान और नागरिकता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। युवती से पूछताछ की जा रही है, लेकिन भाषा की समस्या के चलते पुलिस को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।बताया जा रहा है कि सोनौली स्थित आव्रजन विभाग में फिलहाल चायनीज भाषा का ट्रांसलेटर उपलब्ध नहीं है। इसी कारण पुलिस और खुफिया एजेंसियों द्वारा वाराणसी से चायनीज ट्रांसलेटर की टीम को बुलाया जा रहा है, ताकि पूछताछ को आगे बढ़ाया जा सके।सूत्रों के मुताबिक, ट्रांसलेटर के पहुंचने के बाद युवती से गहन पूछताछ की जाएगी, जिसके आधार पर यह स्पष्ट हो सकेगा कि वह भारत में किस उद्देश्य से प्रवेश कर रही थी और इसके पीछे किसी नेटवर्क या साजिश का हाथ है या नहीं। मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी गंभीरता से लिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *