न्यायालय परिसर में जीत का जश्न; समर्थकों ने जमकर उड़ाया गुलाल
महराजगंज: सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के वर्ष 2026 के लिए हुए बहुप्रतीक्षित वार्षिक चुनाव के नतीजे देर रात घोषित कर दिए गए। अधिवक्ताओं के भारी उत्साह और कड़े मुकाबले के बीच धीरेंद्र मिश्र को नया अध्यक्ष और प्रमोद कुमार तिवारी को महामंत्री चुना गया है। जीत की आधिकारिक घोषणा होते ही पूरा महराजगंज न्यायालय परिसर ‘अधिवक्ता एकता जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा।
रोमांचक मुकाबले में धीरेंद्र मिश्र की जीत
अध्यक्ष पद के लिए हुआ मुकाबला अंत तक बेहद दिलचस्प बना रहा। मतगणना के आखिरी राउंड तक हार-जीत का फैसला होना मुश्किल लग रहा था। अंततः, धीरेंद्र मिश्र ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रसाद प्रजापति को मात्र 10 मतों के मामूली अंतर से पराजित किया। धीरेंद्र मिश्र को कुल 287 मत मिले, जबकि प्रजापति 277 मतों पर सिमट गए।
महामंत्री पद पर एकतरफा वर्चस्व
वहीं दूसरी ओर, महामंत्री पद पर प्रमोद कुमार तिवारी ने एकतरफा जीत दर्ज कर किया। उन्होंने कुल 425 मत हासिल किए और अपने प्रतिद्वंद्वी वरिष्ठ अधिवक्ता वशिष्ट मिश्रा (198 मत) को 227 मतों से हराया।
विजयी कार्यकारिणी का स्वरूप
चुनाव समिति द्वारा घोषित अन्य पदों के परिणाम इस प्रकार हैं:
- वरिष्ठ उपाध्यक्ष: अरविंद प्रताप
- उपाध्यक्ष: किरण कुमार
- संयुक्त मंत्री (प्रशासन): रंजीत गुप्ता,अरुण कुमार
- संयुक्त मंत्री (न्याय): राजेंद्र कुमार गुप्ता
- कोषाध्यक्ष: अरुण कुमार सिंह
- कनिष्ठ कार्यकारणी सदस्य:अजय कुमार विश्वकर्मा
जश्न में डूबा अधिवक्ता समाज
परिणामों की घोषणा के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकाला और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी। नव-निर्वाचित अध्यक्ष और महामंत्री को फूल-मालाओं से लाद दिया गया।
’अधिवक्ता हित सर्वोपरि’ – धीरेंद्र मिश्र
जीत के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्र और महामंत्री प्रमोद तिवारी ने सामूहिक रूप से समस्त अधिवक्ता साथियों का आभार जताया। उन्होंने कहा, “यह जीत प्रत्येक अधिवक्ता साथी के विश्वास की जीत है। बार की गरिमा बनाए रखना, युवा अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान करना और न्यायिक प्रणाली को सुदृढ़ बनाना हमारी शीर्ष प्राथमिकता होगी।”
चुनाव समिति ने शांतिपूर्ण मतदान और गणना के लिए सभी का सहयोग सराहा। अब नई कार्यकारिणी जल्द ही आधिकारिक रूप से कार्यभार ग्रहण करेगी।
