महराजगंज ।आभूषण की दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। श्यामदेउरवा थाना पुलिस ने फरार चल रहे पांचवें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज सिंह के रूप में हुई है, जिसे उसके घर से दबोचा गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र में आभूषण दुकान चोरी की घटनाओं के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। थाना प्रभारी श्यामदेउरवा के नेतृत्व में चौकी प्रभारी फरेंदा अमित कुमार सिंह एवं उनकी टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
गौरतलब है कि बीते 4 दिसंबर को फरेंदा निवासी हाजी मुर्तजा हुसैन की ‘हाजी ज्वेलर्स’ दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने कीमती आभूषण चोरी कर लिए थे। इस संबंध में थाना श्यामदेउरवा में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। जांच के दौरान सूरज सिंह का नाम सामने आया, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सूरज सिंह, जनपद शाहजहांपुर के थाना निगोही क्षेत्र के ईशापुर का निवासी है। आरोपी के खिलाफ थाना श्यामदेउरवा में चोरी का मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा उसके विरुद्ध जनपद शाहजहांपुर में आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला पंजीकृत है।
इस मामले में इससे पहले ही बब्लू, टिल्लू, कल्लू और डोरी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
आभूषण चोरी मामला: पांचवां आरोपी भी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
