कैराना से सपा सांसद इकरा हसन बीते 24 घंटे से सुर्खियों में हैं। पहली बार लोगों को उनको किसी मुद्दे को लेकर इतना नाराज देखा। कश्यप समाज के युवक की हत्या के मामले में डीआईजी ऑफिस पहुंचीं इकरा हसन को पुलिस महिला थाने लेकर चली गई। 10 मिनट तक उनको थाने में बिठाए रखा। इस दौरान पुलिस और इकरा हसन में जमकर नोकझोंक हुई। इकरा ने पुलिस की तरफ से दिया गया पानी पीने तक से इनकार कर दिया।
इंटरनेट पर सामने आए वीडियो में इकरा हसन कहती हैं- ‘नहीं, इनका पानी नहीं नहीं पीएंगे हम भाई। ये गंदा पानी पीकर कहां जाएंगे। ऐसे भी हमारे भी मन हो जाएंगे काले। ये कह देंगे कि यहां से निकल जाओ। पानी की उलटी कर दो। कौन देगा करके?’
नाराज इकरा हसन यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने कहा- ‘हम पुलिसवालों की किसी को अरेस्ट करने के लिए नहीं कह रहे थे। उस मां से बात कर लेने के लिए कह रहे थे जिसका बेटा मरा है। इन्होंने उस मां को बेइज्जत कर थाने से भगाया है। वह रोते हुए गई है। ये इनका इंसाफ है। ये इनकी इंसानियत है।’
