
उरई (जालौन)। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कुठौंद थाना प्रभारी (एसएचओ) अरुण कुमार राय की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से हुई मौत के मामले में सनसनीखेज मोड़ आ गया है। शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन अब मृतक थानेदार के परिजनों ने एक महिला सिपाही पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
दिवंगत SHO का रहा है लंबा कार्यकाल
दिवंगत थाना प्रभारी अरुण कुमार राय का पुलिस विभाग में लंबा कार्यकाल रहा है।वे पूर्व में जनपद महराजगंज के कोठीभार थाने में भी SHO के पद पर तैनात रह चुके थे।
सीसीटीवी फुटेज बना अहम सुराग
थाना प्रभारी अरुण कुमार राय ने शुक्रवार रात अपने सरकारी आवास में कथित तौर पर सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली थी। इस घटना के बाद मृतक की पत्नी माया देवी ने पुलिस को लिखित शिकायत दी।
आरोप: पत्नी ने महिला आरक्षी मीनाक्षी शर्मा पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके पति आत्महत्या नहीं कर सकते।
सबूत: पुलिस को घटना के तुरंत बाद महिला सिपाही को कमरे से चीखते हुए बाहर निकलकर भागते हुए का सीसीटीवी फुटेज मिला है। सिपाही पिछले 11 दिनों से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रही थी।
हिरासत में ली गई आरोपी सिपाही
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि आरोपी सिपाही को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
