नगर पंचायत निचलौल में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर शासन ने बड़ी पहल की है। नगर पंचायत के सभी वार्डों में शुद्ध पेयजल पहुँचाने के उद्देश्य के तहत 1 करोड़ 44 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त की गई है। इस राशि से नगर पंचायत निचलौल के कुल 13 वार्डों में आधुनिक एआरओ प्लांट लगाए जाएंगे, जिससे पहली बार पूरे नगर के लोगों को मुफ्त में शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा।
अधिशासी अधिकारी विकास कुमार के द्वारा बताया गया कि नगर पंचायत निचलौल में लंबे समय से पेयजल की गुणवत्ता को लेकर लोगों की शिकायतें मिल रही थीं। कई क्षेत्रों में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने तथा जलस्रोतों के दूषित होने की वजह से पीने का पानी स्वास्थ्य के लिए खतरा बना हुआ था। इस समस्या के समाधान के लिए शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने बताया कि अभी तक13 वार्डों में एआरओ प्लांट स्थापना के लिए तकनीकी सर्वे का काम पूरा कर लिया गया है और प्रत्येक एआरओ प्लांट की क्षमता हजारों लीटर प्रतिदिन का है। जिससे नगरवासी निर्धारित स्थानों से मुफ्त में पेयजल भर सकेंगे। नगर पंचायत प्लांटों के संचालन, रखरखाव और नियमित जांच का भी प्रबंध करेगी ताकि पानी की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी न आए।
अधिशासी अधिकारी ने यह भी कहा कि एआरओ प्लांट लगने से नगर में पानी जनित बीमारियों में कमी आएगी और लोगों को स्वच्छ पानी के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर स्थापना कार्य शुरू कर दिया जाएगा। योजना पूर्ण होने पर निचलौल नगर पंचायत प्रदेश की उन चुनिंदा नगर पंचायतों की सूची में शामिल हो जाएगा जहाँ हर वार्ड में मुफ्त शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध रहेगा।
वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया ने कहा कि इस योजना से नगर वासियों को शुद्ध पेयजल की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने निचलौल नगर पंचायत को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए शासन को धन्यवाद दिया। नगरवासियों ने शासन और नगर पंचायत की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह योजना निचलौल के लिए बरदान साबित होगी।
न०पं० निचलौल के 13 वार्डों में लगेगा एआरओ प्लांट,पेयजल होगा मुफ्त।
