अश्लील रील बनाकर सोशल मीडिया पर फैला रहा था अश्लीलता, पुलिस ने किया गिरफ्तार
महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर कर रहा था प्रसारित, कार्रवाई से क्षेत्र में मचा हड़कंप
महराजगंज। सोशल मीडिया पर अश्लील एवं अभद्र वीडियो प्रसारित कर समाज में गलत संदेश फैलाने वाले युवक को कोल्हुई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान थाना कोल्हुई क्षेत्र के ग्राम तेनुहवा निवासी अख्तर अली के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार आरोपी महिला के साथ आपत्तिजनक रील और वीडियो बनाकर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर रहा था। वीडियो में अश्लीलता के साथ अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया जा रहा था, जिससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी व्याप्त थी।
स्थानीय लोगों द्वारा मामले की शिकायत किए जाने पर पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर अश्लीलता फैलाने तथा समाज का माहौल खराब करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ करें तथा कानून के विरुद्ध किसी भी प्रकार की सामग्री साझा करने से बचें।
