महराजगंज: बिजली विभाग की ‘दबंगई’ से व्यापारियों में आक्रोश, जेई पर ज्वेलर्स से मारपीट और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

महराजगंज : जिले में बिजली विभाग के अधिकारियों और व्यापारियों के बीच का विवाद गहराता जा रहा है। नगर के प्रतिष्ठित सर्राफा व्यवसाई के साथ कथित मारपीट और अभद्रता के विरोध में संयुक्त व्यापारी मोर्चा ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

मोर्चा ने ऊर्जा मंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा है, जिसमें बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) और उनके सहयोगियों पर ‘गुंडई’ और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

क्या है पूरा मामला?

व्यापारी मोर्चा द्वारा सौंपे गए पत्र के अनुसार, घटना 27 नवंबर 2025 की है। आरोप है कि नगर के गणपति ज्वेलर्स के प्रोप्राइटर मनोज वर्मा के प्रतिष्ठान पर विद्युत जेई और ठेकेदार के आदमियों ने धावा बोला।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि बिना किसी बिजली बकाये के उनका कनेक्शन काट दिया गया। जब इसका विरोध किया गया, तो 10-15 की संख्या में आए लोगों ने मनोज वर्मा और उनके दो बेटों (सागर वर्मा और सत्यम वर्मा) के साथ जमकर मारपीट की। इस हमले में सागर वर्मा के एक हाथ की उंगली टूटने की खबर है।

जेई आलोक कुमार पर लगे गंभीर आरोप

संयुक्त व्यापारी मोर्चा के संयोजक पशुपतिनाथ गुप्त और महामंत्री दामोदर गोयल ने ज्ञापन में जेई आलोक कुमार की कार्यशैली पर तीखे सवाल उठाए हैं। पत्र में लिखा गया है:

“जेई आलोक कुमार के अंदर क्या विशेषता है कि वे एक दशक से ज्यादा समय से महराजगंज जनपद में जमे हुए हैं? इनके संपत्तियों की जांच हो तो पता चलेगा कि भ्रष्टाचार से करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है।”

व्यापारियों का आरोप है कि पिटाई के बाद उल्टा पीड़ित व्यवसाई पर ही पुलिस में फर्जी मुकदमे दर्ज करवा दिए गए, जिससे व्यापारिक समाज में भय और अपमान का माहौल है।

प्रमुख मांगें

ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश सरकार से निम्नलिखित मांगें की हैं:

27 नवंबर की घटना की निष्पक्ष जांच हो।

जेई आलोक कुमार और उनके साथ आए 10-15 लोगों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्यवाही की जाए।

जेई की संपत्तियों की जांच कराई जाए।

व्यापारी पर दर्ज फर्जी मुकदमे वापस लिए जाएं।

इस मौके पर अवधेश, राजेश, राजू वर्मा, रंजीत सोनी, रमेश समेत कई अन्य व्यापारी मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द न्याय की गुहार लगाई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *