महराजगंज: केक डिलीवरी में देरी पर बवाल, दबंगों ने डिलीवरी बॉय को जमकर पीटा, सिर और चेहरे पर आई चोटें

सिसवा बाजार (महराजगंज): समय पर केक की डिलीवरी न पहुंचना एक युवक के लिए मुसीबत बन गया। सिसवा बाजार में डिलीवरी में थोड़ी सी देरी होने पर नाराज ग्राहकों ने डिलीवरी बॉय को न केवल फोन पर धमकियां दीं, बल्कि दुकान पर पहुंचते ही उसे परिवार सहित जमकर पीट दिया। पीड़ित ने कोठीभार पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा मामला? कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम पकड़ी भारत खण्ड (पोस्ट- कटहरी बाजार) निवासी दिलीप मिश्र (पुत्र वकील मिश्र) सिसवा बाजार स्थित नवीन चौरसिया की दुकान पर काम करते हैं और केक डिलीवरी का कार्य देखते हैं।

रविवार (1 दिसंबर) को दिलीप एक ऑर्डर की डिलीवरी के लिए निकले थे। आरोप है कि रास्ते में कुछ विलंब होने पर ग्राहक मुकेश चौरसिया ने उन्हें फोन किया। दिलीप का कहना है कि फोन पर ही मुकेश ने गाली-गलौज शुरू कर दी और धमकी देते हुए कहा, “तुम दुकान पर आओ, तुम्हें जूतों से मारूंगा।”

पिता और भाई के साथ मिलकर की पिटाई पीड़ित दिलीप मिश्र के अनुसार, जैसे ही वह डिलीवरी लेकर मौके पर पहुंचे, मुकेश चौरसिया, उनके बड़े भाई और पिता ने उन्हें घेर लिया। तीनों ने मिलकर दिलीप की लात-घूंसों से पिटाई कर दी। इस हमले में दिलीप के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस से लगाई न्याय की गुहार मारपीट की घटना के बाद घायल दिलीप मिश्र कोठीभार थाने पहुंचे और थाना अध्यक्ष को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा। पीड़ित ने अपनी जान का खतरा बताते हुए आरोपियों (मुकेश और उनके परिजनों) के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सिसवा बाजार में हुई इस घटना से व्यापारियों और कामगारों में रोष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *