उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह वकीलों और पुलिसकर्मियों में भिड़ंत हो गई। दरअसल, इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम और जिला प्रशासन की टीमें कैसरबाग स्थित कचहरी के आसपास वकीलों के अवैध चैंबरों पर कार्रवाई करने पहुंचीं। बुलडोजर के जरिये अतिक्रमण को हटा दिया गया। इस दौरान वकीलों ने जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने लाठियों बरसाकर उनको तितर-बितर किया।
हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य भवन और कचहरी के आसपास बने वकीलों के 240 अवैध चैंबर तोड़ने का आदेश दिया था। इसके बाद नगर निगम ने नोटिस चस्पा किए थे। वकीलों को खुद अवैध चैंबर हटाने के लिए समय दिया गया था। वक्त पूरा होने के बाद भी जब अवैध चैंबर नहीं हटे तब इसे बुलडोजर चलाकर ढहा दिया गया। वकीलों के हंगामे की आशंका को देखते हुए पीएसी तैनात की गई थी।
