महराजगंज | ब्यूरो रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के जनपद महाराजगंज के कोठीभार थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ दबंगों के खौफ और जान से मारने की धमकियों के कारण एक परिवार को अपना घर छोड़कर पलायन करना पड़ा, लेकिन मुसीबत यहीं खत्म नहीं हुई। पीछे से दबंगों ने घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवर, कीमती सामान और जरूरी कागजात पार कर दिए। अब न्याय की गुहार लेकर पीड़ित महिला ने पुलिस अधीक्षक (SP) के दरवाजे पर दस्तक दी है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कटहरी कला की रहने वाली आलमनारा निशा पत्नी मनौवर अली ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव के ही कुछ दबंग—निजामुद्दीन, फिरोज और मुख्तार—पुरानी रंजिश को लेकर उनके परिवार को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियों से आजिज आकर पीड़ित परिवार घर में ताला बंद कर जयपुर (राजस्थान) चला गया था।
सूने घर को बनाया निशाना, जेवर से लेकर कागजात तक लूटे
आरोप है कि बीती 18 जनवरी 2026 को दबंगों ने मौका पाकर घर का ताला और बक्सा तोड़ दिया। पीड़ित महिला के अनुसार, चोरों ने उसकी दो दिवंगत पुत्रियों के निकाह के जेवर, सिलाई मशीन, रेंजर साइकिल, गैस चूल्हा, दो कंबल और एक क्विंटल चावल तक नहीं छोड़ा। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि घर के कीमती सामान के साथ बच्चों की मार्कशीट और मकान व खेत के असली दस्तावेज भी गायब हैं।
स्थानीय पुलिस पर लापरवाही के आरोप
घटना की जानकारी होने पर जब पीड़ित परिवार 20 जनवरी को वापस लौटा, तो घर का नजारा देख दंग रह गया। सामान तितर-बितर पड़ा था और सब कुछ लुट चुका था। आलमनारा निशा का आरोप है कि उन्होंने इस गंभीर वारदात की सूचना थानाध्यक्ष कोठीभार को दी, लेकिन स्थानीय पुलिस ने मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
न्याय की आस में SP कार्यालय पहुंची पीड़िता
थाने से निराश होने के बाद अब पीड़िता ने महाराजगंज पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की है। आवेदन में मांग की गई है कि मामले की प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और लूटा गया सामान बरामद किया जाए।
इस मामले में अब सबकी नजरें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि क्या खाकी इन दबंगों पर लगाम कस पाएगी या पीड़ित परिवार को यूं ही दर-दर भटकना पड़ेगा।
