सिसवा बाजार में सरेराह फायरिंग: सर्राफा व्यवसायी को बनाया निशाना, बाल-बाल बची जान

सिसवा बाजार (महाराजगंज)

​महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत सिसवा बाजार में बेखौफ बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात बाईपास रोड पर स्थित ‘फूड सर्किल होटल’ के पास दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

दुकान बढ़ाकर घर जा रहे थे पीड़ित

​मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या 24, चित्रगुप्त नगर (सब्जी मंडी) के निवासी गोविंद सोनी पुत्र गोपाल सोनी अपनी दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से बाईपास की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह फूड सर्किल होटल के पास पहुंचे, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर असलहे से फायर झोंक दिया।

होटल में घुसकर बचाई जान

​पीड़ित गोविंद सोनी ने बताया कि गोली उनके पीठ के पास से छूकर निकली जिससे वह आंशिक रूप से जख्मी हो गए। जान बचाने के लिए वह तुरंत अपनी बाइक छोड़कर पास के होटल में भागे और शोर मचाया। लोगों को इकट्ठा होते देख हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

मौके से बरामद हुआ खोखा

​सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से पुलिस को एक कारतूस का खोखा बरामद हुआ है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर जान-माल की सुरक्षा और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस की कार्रवाई

​इस मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर कार्यवाही की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *