सिंदुरिया थाना अंतर्गत चिउटहा चौराहा पर महिलाओं एवं पुरुषों ने की किया रोड जाम,पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर खुलवाया जाम।

महराजगंज जिले के सिंदुरिया थाना क्षेत्र स्थित चिउटहा चौराहे पर शुक्रवार की सुबह महिलाओं और ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया, जिससे चारों तरफ से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने पुलिस प्रशासन पर मारपीट और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल के आरोपी को गिरफ्तार न करने और उसे “बचाने का प्रयास” करने का गंभीर आरोप लगाया।
मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस जब जाम खुलवाने में असफल रही, तो भीड़ ने पुलिस के खिलाफ “मुर्दाबाद” के नारे लगाने शुरू कर दिए। सड़क जाम होने के कारण कई वाहन फंस गए, जिनमें एक एम्बुलेंस भी यातायात में फंसी दिखाई दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिउटहा गांव की अनुसूचित जाति की निवासी कृष्णावती पासवान (पत्नी कृष्णानंद पासवान) ने घर के पास के ही मुन्नी देवी (पत्नी संजय), राहुल पांडेय (पुत्र संजय), और मुन्नी देवी की दोनों बहुओं के खिलाफ पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज करने, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी।
सिंदुरिया पुलिस ने इस मामले में 3 दिसंबर 2025 को विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया था। महिलाओं का आरोप था कि एफआईआर दर्ज होने के 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की, जिससे उनका गुस्सा भड़क गया और वे पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतर आईं।

स्थिति बिगड़ती देख सीओ सदर (सर्किल ऑफिसर) मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। जब महिलाएं जाम हटाने को तैयार नहीं हुईं, तो पुलिस को हल्का बल का प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद चक्का जाम को खाली कराया जा सका और यातायात सामान्य हुआ।किसी भी अप्रिय घटना या आगे के विवाद को रोकने के लिए, एडिशनल एसपी सिद्धार्थ कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। चौराहे पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *