आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर कुछ ही दिनों में 600 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ब्लॉकबस्टर हो चुकी है। रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल स्टारर इस फिल्म ने लोगों का दिल जीत लिया है। भारत के दर्शकों ने इस फिल्म को खूब पसंद किया है और हर कोई इसकी तारीफ कर रहा है। अब बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा ने भी इस ब्लॉकबस्टर फिल्म की सराहना की है।
प्रीति जिंटा ने धुरंधर देख ली है। वह अकेले थिएटर में फिल्म देखने गई थीं। फिल्म देखने के बाद प्रीति जिंटा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इसकी जमकर तारीफ की। प्रीति ने धुरंधर को हर देशभक्त के नाम एक प्रेम-पत्र बताया है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, “आज का दिन वाकई मज़ेदार रहा। बहुत लंबे समय बाद मैंने थिएटर में अकेले जाकर कोई फिल्म देखी। दोपहर का शो हाउसफुल था और सच में—क्या जबरदस्त सफर था! यह शायद लंबे समय में देखी गई सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक है।”
आगे प्रीति ने सभी कलाकारों और निर्देशक आदित्य धर की भी तारीफ की। उन्होंने लिखा कि यह फिल्म कच्ची, सच्ची और दमदार कलाकारों की शानदार अदाकारी से सजी हुई है। इसके बाद प्रीति जिंटा ने लिखा, “यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि हर उस अनजान पुरुष, महिला और देशभक्त के नाम एक प्रेम-पत्र है, जो हमारे देश की रक्षा के लिए खतरे के सामने डटकर खड़ा रहता है। साढ़े तीन घंटे पलक झपकते ही बीत गए और मैं इसे दोबारा देखने के लिए अभी से तैयार हूं।”
