ठूठीबारी में श्रम विभाग की बड़ी कार्रवाई

ठूठीबारी में श्रम विभाग की बड़ी कार्रवाई
बाल एवं किशोर श्रम के खिलाफ छापेमारी, 5 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी
ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को श्रम प्रवर्तन विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से बड़ा अभियान चलाया। अचानक हुई इस छापेमारी से स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने बाल एवं किशोर श्रमिकों के नियोजन को लेकर दर्जनों दुकानों और प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया, जिसमें पांच प्रतिष्ठानों पर कुल 10 किशोर श्रमिक कार्य करते पाए गए।
जांच के दौरान मुस्कान कॉस्मेटिक, मद्धेशिया बिरयानी, अभिषेक किराना स्टोर, शिवम साड़ी सेंटर तथा निगम ऑटो पार्ट्स पर किशोर श्रमिक काम करते मिले। श्रम विभाग ने सभी प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है। संबंधित दुकानदारों को अब सीजीएम कोर्ट में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखना होगा।
अभियान में मौजूद अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बाल एवं किशोर श्रम कानून का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण अभियान में श्रम प्रवर्तन के प्रधान सहायक अधिकारी रवींद्र वर्मा सहित श्रम सर्वहितकारी सेवा के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठूठीबारी कोतवाली से एसआई बब्बन वर्मा, एसआई वैभव यादव और कांस्टेबल अवधेश यादव सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।
विभागीय अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि सीमावर्ती क्षेत्रों में बाल श्रम पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *